बीआरएबीयू के हर कैंपस तक पहुंचेगा नशा मुक्ति का संदेश, छात्रों से ऑनलाइन संकल्प लेने की अपील

  • Post By Admin on Aug 01 2026
बीआरएबीयू के हर कैंपस तक पहुंचेगा नशा मुक्ति का संदेश, छात्रों से ऑनलाइन संकल्प लेने की अपील

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को इस अभियान का शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत देशभर के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ, अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा ‘माई भारत’ प्लेटफॉर्म के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान में विद्यार्थियों से ऑनलाइन नशा मुक्ति संकल्प लेने की अपील की गई है। बीआरएबीयू प्रशासन ने विश्वविद्यालय के सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित सीनेट हॉल में प्रधानमंत्री के संबोधन के सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारी सामूहिक रूप से नशा मुक्ति का संकल्प लेंगे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अंगीभूत महाविद्यालयों को भी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विभिन्न कॉलेजों में भी इसी प्रकार के जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अभियान का संदेश प्रत्येक कैंपस और कक्षा तक पहुंच सके।

अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि नशाखोरी आज युवाओं के सामने सबसे गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पीढ़ी का निर्माण विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए अत्यंत आवश्यक है और प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया जा रहा यह अभियान समय की मांग के अनुरूप एक प्रभावी पहल है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ नशा मुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन और स्वस्थ शरीर ही किसी भी प्रगतिशील राष्ट्र की मजबूत आधारशिला होते हैं। बीआरएबीयू इस राष्ट्रीय मिशन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नशा मुक्ति के संदेश को हर छात्र तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करेगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आसानी से नशा मुक्ति संकल्प लेकर अपना डिजिटल प्रमाण पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान में विश्वविद्यालय के हजारों छात्र-छात्राएं भाग लेकर नशा मुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।