नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत : भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में संकल्प अभियान
- Post By Admin on Aug 01 2026
मुजफ्फरपुर : युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, जिम्मेदार और राष्ट्रनिर्माण में सहभागी नागरिक बनाने के उद्देश्य से भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदातपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा पीढ़ी नशे से मुक्त, शिक्षित और संस्कारित होगी। डॉ. पाल ने विद्यार्थियों से सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरण फैलाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी रामजी यादव ने स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं को ‘नशा मुक्त युवा भारत, विकसित भारत’ का सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर जागरूकता व्याख्यान, शपथ ग्रहण और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के विरुद्ध जनचेतना फैलाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में आत्मअनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य के प्रति सजगता की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।