शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में सामूहिक वृक्षारोपण

  • Post By Admin on Aug 01 2026
शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में सामूहिक वृक्षारोपण

मुजफ्फरपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा शनिवार को चंदवारा पुल स्थित महाविद्यालय के द्वितीय कैंपस में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए जीवनदायिनी भूमिका निभाते हैं, क्योंकि वही हमें शुद्ध हवा और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।

प्राचार्य ने कहा कि चंदवारा स्थित महाविद्यालय का नया और विस्तृत परिसर आने वाले समय में एक आदर्श शैक्षणिक वातावरण के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाए रखना महाविद्यालय परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों पर “एक पौधा-माँ के नाम” अभियान के तहत कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लें। वृक्षारोपण अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सागवान के पौधे लगाए। महाविद्यालय परिसर में लगभग 200 सागवान के पौधे रोपे गए तथा भविष्य में और अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में डॉ. कुमारी रेखा, डॉ. रंजना कुमारी, डॉ. गीता कुमारी कंधवे, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज टीके, डॉ. मुकेश कुमार सरदार, डॉ. राफीउल्लाह अंसारी, डॉ. अनामिका, डॉ. बसंतलाल, डॉ. नन्हे कुमार, डॉ. दिनकर सिंह, डॉ. ममता कुमारी और डॉ. राजीव कुमार सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में डॉ. आनंद कौशल, संतोष मंडल, कौशल आनंद, एम.ई. हैदर, रोहित, रोहन और सूरज ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। एनसीसी कैडेटों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पौधारोपण और परिसर व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल औपचारिक वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि नया परिसर आने वाले वर्षों में एक सघन हरित परिसर के रूप में विकसित हो सके।