संगम वार्षिक आमसभा में दीदियों के सम्मान के साथ स्वच्छता का संदेश

  • Post By Admin on Jul 30 2026
संगम वार्षिक आमसभा में दीदियों के सम्मान के साथ स्वच्छता का संदेश

मुजफ्फरपुर: संगम जीविका महिला विकास स्वालंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा का आयोजन द पर्ल पैलेस, जगन्नाथ पताही (रेवा रोड) में किया गया। कार्यक्रम में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही जीविका दीदियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी कुमार गौरव, उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा, प्रशिक्षु आईएएस सौरभ कुमार, नाबार्ड की डीडीएम सुमन प्रभा, डीपीएम जीविका एवं संगम सीएलएफ की दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर नाबार्ड की ओर से पशु सखियों के लिए 8,32,874 रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संगम संकुल स्तरीय संघ ने करीब 20 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया, जबकि लगभग 20 करोड़ रुपये का ऋण जीविका से जुड़ी महिलाओं के बीच वितरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि जीविका महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे आर्थिक सहयोग के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं तक पहुंच रहा है। उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने कहा कि जीविका महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान कठपुतली कलाकार सुनील कुमार के निर्देशन में "जब जागो तभी सवेरा" नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से लोगों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन के उपयोग तथा स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया गया। इसमें मदारी की भूमिका सुनील कुमार ने निभाई, जबकि शिल्पी कुमारी, कंचन कुमारी, रीपू कुमारी, बबिता देवी, चंदा कुमारी और रजिया खातून ने विभिन्न भूमिकाओं का प्रभावी मंचन किया।

कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां महिलाओं की जांच की गई। वहीं उद्योग विभाग ने उद्योग आधार पंजीकरण एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। मंच संचालन मास्टर बुक कीपर मीना देवी ने किया। अतिथियों का स्वागत पौधा, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को एईएस जागरूकता की शपथ भी दिलाई। डीपीएम अनीशा ने बताया कि संगम संकुल स्तरीय संघ को राष्ट्रीय स्तर पर कई बार आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन की कार्यशैली और महिलाओं की सफलता की कहानियों को देखने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी मुजफ्फरपुर आ चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई जीविका दीदियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष रेहाना खातून, सचिव राजलक्ष्मी देवी, कोषाध्यक्ष नीलम देवी, उपाध्यक्ष आशा देवी, लेखापाल मीना देवी, समन्वयक संजीत कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक सुनील कुमार सहित संगम के निदेशक मंडल, जीविका कर्मियों एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी रही।