मुजफ्फरपुर में लूट के दौरान युवक को मारी गोली
- Post By Admin on Jul 30 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया। झपहां शिवाहर मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार युवक को रोककर लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के खनेजादपुर निवासी मोहम्मद शमी के पुत्र मोहम्मद नेयाज के रूप में हुई है। वर्तमान में वह अघोरिया बाजार के पास किराए के मकान में रहकर वाहन चलाने का काम करते हैं। घायल ने पुलिस को बताया कि वह अपने गांव से कार से शहर लौट रहे थे। इसी दौरान झपहां शिवाहर मोड़ के पास सामने से आए बाइक सवार बदमाशों ने हाथ देकर उनकी गाड़ी रुकवाई। गाड़ी रुकने के बाद बदमाशों ने शीशा नीचे करने को कहा। जैसे ही उन्होंने शीशा नीचे किया, अपराधियों ने उनसे छीना-झपटी शुरू कर दी और रुपये की मांग करने लगे। नेयाज के अनुसार, जब उन्होंने रुपये नहीं होने की बात कही तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने कंधे के पास लगी। इसी बीच पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचती दिखाई दी, जिसे देखकर सभी बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अहियापुर थाने के एसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।