आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर लखीसराय में मना ‘जड़ी-बूटी दिवस’, आयुर्वेद-योग और अध्यात्म का दिया गया संदेश

  • Post By Admin on Aug 04 2026
आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर लखीसराय में मना ‘जड़ी-बूटी दिवस’, आयुर्वेद-योग और अध्यात्म का दिया गया संदेश

लखीसराय: भारत स्वाभिमान न्यास, लखीसराय के तत्वावधान में लाली पहाड़ी स्थित विश्वनाथपुरम परिसर में आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस को "जड़ी-बूटी दिवस" के रूप में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद, योग, अध्यात्म, स्वदेशी जीवनशैली और औषधीय पौधों के संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला प्रभारी नाथ अमिताभ ने किया।

अपने संबोधन में नाथ अमिताभ ने कहा कि आयुर्वेद केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की समग्र जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है, जबकि अध्यात्म मनुष्य को सेवा, संयम और आत्मबोध की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने आचार्य बालकृष्ण के आयुर्वेद और दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण में किए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि आचार्य बालकृष्ण का पूरा जीवन आयुर्वेद, अनुसंधान, योग और स्वदेशी संस्कृति के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने हिमालय की दुर्गम पर्वत श्रृंखलाओं में दुर्लभ जड़ी-बूटियों की खोज कर आयुर्वेद को नई दिशा देने का कार्य किया है। उनका यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों ने कहा कि योग, आयुर्वेद और अध्यात्म का समन्वय ही स्वस्थ, संतुलित और सुखी समाज की आधारशिला है। इन तीनों के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध जीवन जी सकता है।

कार्यक्रम के दौरान आचार्य बालकृष्ण के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद जिला प्रभारी नाथ अमिताभ के नेतृत्व में आयुर्वेदिक एवं औषधीय पौधों का वृक्षारोपण किया गया तथा योग साधकों और कार्यकर्ताओं के बीच औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर लोगों से अपने घरों और आसपास औषधीय पौधे लगाने तथा प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में युवा भारत के जिला प्रभारी विभीषण केवट, जिला सह प्रभारी ज्वाला, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य रंजीत कुमार, अरुण कुमार, रिशु, सत्यम, रोहित सहित बड़ी संख्या में योग साधक, कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनीष कुमार ने दी।