दिल्ली आ रही फ्लाइट को हवा में तेज झटके, विमान 300 फीट नीचे गिरा; सभी यात्री सुरक्षित
- Post By Admin on Aug 04 2026
नई दिल्ली: थाईलैंड के फुकेत से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार सुबह उड़ान के दौरान भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। अचानक आए तेज झटकों के कारण विमान करीब 300 फीट तक नीचे आ गया, जिससे विमान में सवार कई यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आईं। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान की इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट में कुल 134 यात्री सवार थे। टर्बुलेंस के दौरान कई यात्रियों को तेज झटके महसूस हुए, जिससे विमान के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बावजूद चालक दल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और विमान को सुरक्षित रूप से सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली में उतार दिया।
लैंडिंग के बाद घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया। एहतियात के तौर पर कुछ लोगों को आगे की जांच और इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल, वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल और स्पाइनल इंजरी सेंटर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई।
एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उड़ान के दौरान अचानक आए टर्बुलेंस के कारण कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। प्रभावित सभी लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और इस संबंध में संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। विशेषज्ञ अब यह पता लगाएंगे कि टर्बुलेंस की तीव्रता और परिस्थितियां क्या थीं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
•तस्वीर सांकेतिक है..