विश्व स्तनपान सप्ताह: लखीसराय के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चला जागरूकता अभियान

  • Post By Admin on Aug 04 2026
विश्व स्तनपान सप्ताह: लखीसराय के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चला जागरूकता अभियान

लखीसराय: विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर लखीसराय जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण समारोह एवं विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO), एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धात्री माताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नवजात शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने, जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल माँ का दूध (अनन्य स्तनपान) पिलाने तथा छह माह के बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही परिवार और समाज में स्तनपान के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने तथा माताओं को इसके लिए निरंतर प्रोत्साहित करने का संकल्प भी दिलाया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्तनपान के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि माँ का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम पोषण है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, संक्रमण का खतरा कम होता है तथा शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है। साथ ही माताओं को यह भी बताया गया कि जन्म के बाद निकलने वाला पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए अत्यंत लाभकारी होता है और इसे किसी भी परिस्थिति में नहीं फेंकना चाहिए।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा सत्र, समूह चर्चा, परामर्श और जनजागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सदस्यों से अपील की कि वे धात्री माताओं को पर्याप्त सहयोग, संतुलित आहार और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं, ताकि शिशु का समुचित पोषण सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने कुपोषण की रोकथाम, स्तनपान को बढ़ावा देने और प्रत्येक नवजात को जीवन की सर्वोत्तम शुरुआत दिलाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित स्तनपान की आदतों को अपनाने और स्वस्थ एवं कुपोषण-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।