मकर संक्रांति महोत्सव 19 को, कुश्ती दंगल और पतंगबाजी होंगे मुख्य आकर्षण

  • Post By Admin on Jan 17 2026
मकर संक्रांति महोत्सव 19 को, कुश्ती दंगल और पतंगबाजी होंगे मुख्य आकर्षण

लखीसराय : जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वाधान में मकर संक्रांति महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन आगामी 19 जनवरी 2026 (सोमवार) को के.आर.के. मैदान, लखीसराय में किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य भारतीय लोक–परंपराओं, ग्रामीण खेलों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है।

महोत्सव के प्रमुख आकर्षण के रूप में परंपरागत कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रसिद्ध पहलवान भाग लेंगे। कुश्ती दंगल ग्रामीण संस्कृति की जीवंत पहचान है, जो युवाओं में शारीरिक सुदृढ़ता, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देता है। प्रतियोगिता के विजेता पहलवानों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही पतंगबाजी का रंगारंग आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। रंग-बिरंगी पतंगों से सजा आसमान मकर संक्रांति के उल्लास और सामूहिक आनंद का प्रतीक बनेगा। आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

महोत्सव के दौरान स्थानीय लोक-संस्कृति, ग्रामीण मेलों की झलक और पारिवारिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने वाली विभिन्न गतिविधियाँ भी आयोजित होंगी। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।