जीआरपी को बड़ी सफलता, 50 हजार रुपये के चोरी के सामान के साथ युवक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 28 2026
जीआरपी को बड़ी सफलता, 50 हजार रुपये के चोरी के सामान के साथ युवक गिरफ्तार

लखीसराय: पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत बरहिया रेलवे स्टेशन पर "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक महिला यात्री का चोरी हुआ सोने का जितिया तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बरहिया कैंपिंग स्टाफ के प्रधान आरक्षी अजय कुमार सिंह एवं आरक्षी अफजल अली के नेतृत्व में, राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) बरहिया की टीम स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10:50 बजे स्टेशन क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई।पूछताछ के दौरान युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही यात्रा से संबंधित कोई वैध टिकट प्रस्तुत कर पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक सोने का जितिया और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने उक्त सामान एक महिला यात्री से चोरी किया था।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर चोरी का सामान जब्त किया तथा सुबह करीब 11:10 बजे गिरफ्तार युवक की गिरफ्तारी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अजय कुमार का पुत्र और पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के ढेलवा गोसाई गांव का निवासी बताया गया है। मामले में महिला यात्री बैगिया देवी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर जीआरपी बरहिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।