श्रावणी मेला में कांवरियों को बड़ी राहत, पार्किंग और प्रवेश शुल्क पर पूरी तरह रोक
- Post By Admin on Jul 22 2026
लखीसराय : श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया वाहनों से किसी भी प्रकार का पार्किंग शुल्क, प्रवेश शुल्क अथवा अन्य स्थानीय कर की वसूली नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, श्रावणी मेला के दौरान विभिन्न राज्यों और जिलों से श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल लेकर लखीसराय होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए प्रस्थान करते हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों को निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि कांवरिया वाहनों से पार्किंग शुल्क या प्रवेश शुल्क के नाम पर कोई राशि नहीं ली जाएगी। इसके अलावा मेला क्षेत्र में लगने वाली अस्थायी दुकानों से व्यापार कर, लाइसेंस शुल्क या किसी अन्य स्थानीय कर की वसूली भी प्रतिबंधित रहेगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी नगर निकायों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थानाध्यक्षों तथा संबंधित विभागों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति या एजेंसी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश ज्ञापांक-2078/गो०, दिनांक 22 जुलाई 2026 के तहत जारी किया गया है, जिसकी प्रति सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।