मुजफ्फरपुर में माहेश्वरी सभा की प्रदेश बैठक, मनोज डागा बने झारखंड-बिहार प्रदेश अध्यक्ष
- Post By Admin on Aug 02 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के तिलक मैदान रोड स्थित नारायण रेजिडेंसी में झारखंड-बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा के 14वें सत्र की अंतिम बैठक एवं 15वें सत्र के लिए नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरपुर के सांसद राजभूषण चौधरी ने किया।
अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने माहेश्वरी समाज द्वारा सामाजिक सेवा, ट्रस्ट संचालन और अतिथि भवनों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बैठक में समाज के असहाय, निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों तक ट्रस्ट के माध्यम से सहायता पहुंचाने तथा उनके पुनर्वास और सामाजिक उत्थान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समाज सेवा की विभिन्न योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान झारखंड-बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा के नए अध्यक्ष के रूप में मुजफ्फरपुर माहेश्वरी सभा के मनोज डागा का सर्वसम्मति से चयन किया गया। उनके चयन पर उपस्थित सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी सुनीता मुंदड़ा, मुजफ्फरपुर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुनील मुंदड़ा, मंत्री किशन डागा, महिला संगठन की अध्यक्ष राजश्री डागा, प्रकाश चांडक, संजय सोमानी, सुमित गट्टानी, सतनारायण चांडक, सिद्धू गट्टानी, हर्ष, निखिल तोसनीवाल, अंशुमान बिरला सहित सभा, महिला संगठन और युवा संगठन के अनेक सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।