पटना: रोहतास के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में न आम नागरिक सुरक्षित हैं और न ही प्रशासनिक अधिकारी।

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण है। उन्होंने लिखा कि जब सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

राजद नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के मन से पुलिस और प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गंभीर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अन्य मुद्दों में व्यस्त है। तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाओं पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है और अपराधियों को संरक्षण मिलने जैसे हालात पैदा हो गए हैं।गौरतलब है कि हाल ही में नीट पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया गया था। रिहाई के बाद भी वह लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से बिहार सरकार की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, तेज प्रताप यादव के आरोपों पर राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।