लखीसराय के महजनमा और सतघरवा बनेंगे 'वैली ऑफ फ्लावर्स', डीएम ने भेजा प्रस्ताव
- Post By Admin on Jul 22 2026
लखीसराय : जिले के चानन प्रखंड स्थित संग्रामपुर पंचायत के जनजातीय बहुल गांव महजनमा और सतघरवा को 'वैली ऑफ फ्लावर्स' (फूलों की घाटी) के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। प्राकृतिक सौंदर्य और अनुकूल जलवायु वाले इन गांवों के समग्र विकास के लिए जिला प्रशासन ने उद्यान निदेशक, पटना को विशेष विकास योजना का प्रस्ताव भेजा है।
जिला पदाधिकारी और जिला उद्यान पदाधिकारी द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में योजना के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में पुष्प उत्पादन को नई पहचान मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रस्ताव के अनुसार, महजनमा और सतघरवा में फूलों की व्यावसायिक खेती की अपार संभावनाएं हैं। योजनाबद्ध तरीके से विकास होने पर यहां बड़े पैमाने पर पुष्प उत्पादन के साथ-साथ उद्यानिकी पर्यटन (हॉर्टिकल्चर टूरिज्म) को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि लखीसराय के प्रमुख धार्मिक स्थलों—अशोक धाम, श्रृंगी ऋषि धाम, मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर और मां जलप्पा स्थान मंदिर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यहां उत्पादित फूल, मालाएं और पुष्पगुच्छों की स्थानीय स्तर पर ही व्यापक खपत होगी, जिससे किसानों को स्थायी और सशक्त बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
प्रस्तावित योजना के तहत पुष्प खेती के क्लस्टर का विकास, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण, पौधशाला (नर्सरी) की स्थापना, किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, विपणन व्यवस्था तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। जिला प्रशासन का विश्वास है कि इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन से लखीसराय न केवल बिहार में पुष्प उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि उद्यानिकी पर्यटन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।