विवादित भूमि की डाक को लेकर प्रशासन सख्त, 29 जुलाई को होगी नीलामी प्रक्रिया
- Post By Admin on Jul 22 2026
लखीसराय : बड़हिया अंचल कार्यालय ने विवादित भूमि पर संरक्षित फसल की नीलामी (डाक) को लेकर आम सूचना जारी की है। अनुमंडल दंडाधिकारी, लखीसराय के निर्देश के आलोक में यह डाक 29 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। अंचल अधिकारी ने नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवश्यक शर्तें भी निर्धारित की हैं। डाक की न्यूनतम राशि 11 लाख 15 हजार रुपए तय की गई है।
अंचल कार्यालय के अनुसार, पंकज सिंह बनाम प्रीतानंद सिंह, ग्राम इन्दुपुर से जुड़े विवादित भूमि मामले में धारा 163/164/165 के तहत फसल की हार्वेस्टिंग एवं थ्रेसिंग के बाद संरक्षित फसल की नीलामी की प्रक्रिया कई बार निर्धारित की गई, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे स्थगित करना पड़ा या डाक में कोई प्रतिभागी शामिल नहीं हुआ। कार्यालय ने बताया कि पहले 5 जून 2026 को नीलामी की तिथि तय की गई थी, लेकिन द्वितीय पक्ष द्वारा जिला पदाधिकारी को दिए गए आवेदन के बाद समर्थन मूल्य के आधार पर राशि निर्धारित करने के निर्देश मिलने पर प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। इसके बाद स्थानीय बाजार मूल्य एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर कई बार नई तिथि घोषित की गई, किंतु किसी ने भी डाक में भाग नहीं लिया।
प्रशासन ने बताया कि वर्षा और सीलन के कारण संरक्षित फसल खराब होने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश पर पूर्व निर्धारित न्यूनतम राशि 11 लाख 15 हजार रुपए पर ही पुनः डाक कराने का निर्णय लिया गया है। डाक की प्रमुख शर्तों के अनुसार, इच्छुक प्रतिभागियों को 29 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे आयोजित नीलामी में भाग लेने से पहले 50 हजार रुपए की जमानत राशि अंचल नाजिर के पास जमा करनी होगी। इसके साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा।
उच्चतम बोली लगाने वाले को निर्धारित राशि तत्काल अंचल नाजिर के पास जमा करनी होगी। राशि जमा नहीं करने की स्थिति में उसकी जमानत राशि जब्त कर ली जाएगी तथा दूसरे सबसे अधिक बोली लगाने वाले को अवसर दिया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों की जमानत राशि डाक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वापस कर दी जाएगी। नीलामी से संबंधित किसी भी विवाद में अंतिम निर्णय अंचल अधिकारी का होगा। अंचल अधिकारी द्वारा जारी आम सूचना की प्रतिलिपि संबंधित पक्षकारों, बड़हिया थाना, अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिला पदाधिकारी लखीसराय को भी भेजी गई है।