छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में AIDSO का प्रदर्शन, पीएम और शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
- Post By Admin on Jul 22 2026
मुजफ्फरपुर : दिल्ली और पटना में छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग के विरोध में बुधवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की मुजफ्फरपुर जिला समिति ने विरोध-प्रदर्शन किया। एल.एस. कॉलेज परिसर से प्रतिवाद मार्च निकालने के बाद कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रतिवाद मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'इंकलाब जिंदाबाद', 'लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बंद करो', 'छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो' तथा 'घायल छात्र-छात्राओं के समुचित इलाज की व्यवस्था करो' जैसे नारे लगाते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
सभा को संबोधित करते हुए AIDSO के बिहार राज्य सचिव पवन कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए तथा छात्राओं के साथ कथित अमर्यादित व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन में छात्रों की भागीदारी रोकने के उद्देश्य से मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए गए। साथ ही उन्होंने पटना में छात्रों के आंदोलन पर पुलिस बल प्रयोग की भी आलोचना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए AIDSO के मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि छात्र-युवा समुदाय दमन से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्र-छात्राएं आगे भी संगठित होकर संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने छात्रों से निर्भीक होकर आंदोलन में भाग लेने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला समिति की सदस्य रूपा कुमारी, अभिषेक कुमार, बबली, अली अख्तर, टुनटुन कुमार, आदित्य कुमार, गौरव कुमार, करण कुमार, आयुष कुमार, मोहम्मद इकबाल, परवेज आलम, कंचन कुमारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।