नशे के खिलाफ एकजुट हुए एलएस कॉलेज के छात्र, ऑनलाइन संकल्प लेकर प्राप्त किया प्रमाण पत्र

  • Post By Admin on Aug 02 2026
नशे के खिलाफ एकजुट हुए एलएस कॉलेज के छात्र, ऑनलाइन संकल्प लेकर प्राप्त किया प्रमाण पत्र

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कॉलेज के कला संकाय सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्ति विषय पर दिए गए संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया गया। संबोधन के उपरांत उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा छोड़ने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की दलदल से बाहर निकालना आज की सबसे बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एनसीसी और एनएसएस के माध्यम से छात्रों में अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जा रही है। यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि हर विद्यार्थी को मजबूत, स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिवार नशामुक्त समाज के निर्माण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि कांत पांडेय, एनसीसी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, डॉ. वेदप्रकाश दुबे, डॉ. संतोष अनल, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. परमेश तिवारी, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. मनोज शर्मा तथा दीपक कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने ऑनलाइन नशामुक्ति संकल्प लेकर प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया। कॉलेज प्रशासन ने इसे युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।