100 दिन पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण, लखीसराय में कर्मियों को मिला सम्मान

  • Post By Admin on Jul 25 2026
100 दिन पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण, लखीसराय में कर्मियों को मिला सम्मान

लखीसराय : बिहार सरकार के सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शनिवार को लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सीधा प्रसारण किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों एवं आमंत्रित अतिथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के संबोधन और राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा। इस दौरान सरकार के पहले 100 दिनों में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई। प्रसारण में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पंचायत विकास, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, सहयोग शिविर, प्रगति यात्रा, समृद्धि यात्रा, रोजगार सृजन और पर्यटन विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया। साथ ही राज्य सरकार की भावी विकास योजनाओं और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म एवं प्रस्तुति का भी प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर लखीसराय जिले के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सम्मानित कर्मियों की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताया। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।