लखीसराय : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार संचालित अभियान बसेरा-2 के तहत शनिवार को समाहरणालय, लखीसराय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 10 चयनित लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र (भूमि पर्चा) वितरित किया गया। अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण करते हुए राज्य सरकार की इस योजना को भूमिहीन एवं चिन्हित महादलित परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र एवं भूमिहीन परिवार को आवासीय भूमि का अधिकार उपलब्ध कराना है। उन्होंने लाभुकों से आवंटित भूमि का सदुपयोग करते हुए स्थायी आवास निर्माण करने तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही संबंधित अंचल अधिकारियों को शेष पात्र लाभुकों के बीच भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरित करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत लखीसराय जिले में कुल 50 पात्र लाभुकों का चयन किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न अंचलों में चरणबद्ध तरीके से भूमि पर्चा वितरण का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का अधिकार देकर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र लाभुकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित स्थल पर उपस्थित होकर अपना बंदोबस्ती प्रमाण पत्र प्राप्त करने की अपील की है।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।