अमेरिकी नौसेना को मिलेगी नई ताकत, बनाएगा 14 परमाणु पनडुब्बियां

  • Post By Admin on Jul 30 2026
अमेरिकी नौसेना को मिलेगी नई ताकत, बनाएगा 14 परमाणु पनडुब्बियां

वॉशिंगटन: अमेरिका ने अपनी नौसेना की शक्ति बढ़ाने और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 14 नई परमाणु ऊर्जा संचालित पनडुब्बियों के निर्माण की बड़ी योजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 76.6 अरब डॉलर (करीब 73.24 लाख करोड़ रुपये) बताई जा रही है। इस कदम को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती सामरिक प्रतिस्पर्धा के बीच अमेरिका की दीर्घकालिक रक्षा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

योजना के तहत 9 वर्जीनिया-क्लास (Virginia-class) और 5 कोलंबिया-क्लास (Columbia-class) परमाणु पनडुब्बियों का निर्माण किया जाएगा। इन सभी पनडुब्बियों की डिलीवरी वर्ष 2038 तक चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। परियोजना में वर्जीनिया-क्लास पनडुब्बियों के निर्माण पर लगभग 42.1 अरब डॉलर खर्च किए जाएंगे। ये पनडुब्बियां खुफिया निगरानी, सटीक हमले और दुश्मन की पनडुब्बियों के खिलाफ अभियानों के लिए जानी जाती हैं। वहीं, कोलंबिया-क्लास बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों के लिए करीब 29.5 अरब डॉलर का प्रावधान किया गया है। ये अमेरिका की पुरानी ओहायो-क्लास पनडुब्बियों की जगह लेंगी और ट्राइडेंट-II डी5 परमाणु मिसाइलों से लैस होंगी। इसके अलावा लगभग 5 अरब डॉलर शिपयार्ड के आधुनिकीकरण और तकनीकी कार्यबल को मजबूत करने पर खर्च किए जाएंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की लगातार बढ़ती नौसैनिक और समुद्र के भीतर युद्ध क्षमता को ध्यान में रखते हुए अमेरिका ने यह रणनीतिक फैसला लिया है। नई कोलंबिया-क्लास पनडुब्बियां 2080 के दशक तक अमेरिका की समुद्र आधारित परमाणु प्रतिरोध क्षमता को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगी। इस परियोजना के जरिए अमेरिकी नौसेना के पुराने हो रहे पनडुब्बी बेड़े को अत्याधुनिक तकनीक, उन्नत स्टील्थ क्षमता और आधुनिक हथियार प्रणालियों से लैस कर भविष्य की समुद्री चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा।