लखीसराय के सातों प्रखंडों में मॉडल विद्यालयों का शुभारंभ, आधुनिक शिक्षा की नई शुरुआत
- Post By Admin on Jul 19 2026
लखीसराय : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया। इसी क्रम में लखीसराय जिले के सभी सातों प्रखंडों में भी पूर्वाह्न 11 बजे मॉडल विद्यालयों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का सभी विद्यालयों में लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिले के मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने बड़हिया प्रखंड स्थित मालती रामाश्रय ज्ञान भारती उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में भाग लिया, जबकि अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग की "उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य" योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड में मॉडल विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मॉडल विद्यालयों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां प्रशिक्षित शिक्षक, आधुनिक शिक्षण संसाधन, बेहतर आधारभूत संरचना और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा तथा विद्यार्थियों की प्रगति के लिए सतत एवं व्यापक मूल्यांकन प्रणाली के साथ साप्ताहिक मूल्यांकन भी किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में निर्धारित ड्रेस कोड, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि छात्र प्रतिस्पर्धी माहौल में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।