तीन शर्तों पर अनशन खत्म करने को तैयार सोनम वांगचुक, सरकार से जवाब का इंतजार
- Post By Admin on Jul 20 2026
नई दिल्ली : सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से जारी एक नए संदेश में कहा है कि वे अपना लंबा भूख हड़ताल समाप्त करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए केंद्र सरकार को उनकी तीन प्रमुख शर्तों में से किसी एक को स्वीकार करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध अस्पताल में रखा गया है, जिसे उन्होंने "गैरकानूनी हिरासत" करार दिया।
वांगचुक ने कहा कि उनकी पहली मांग यह है कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था में हाल के वर्षों में सामने आई कथित अनियमितताओं, विशेषकर परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करे और जवाबदेही तय करे। उनका कहना है कि यदि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाती है तो वह अपना अनशन समाप्त कर देंगे।
दूसरी शर्त के तहत उन्होंने मांग की कि यदि सरकार पहली मांग नहीं मानती है तो उन्हें और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं को संसद तक जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे विभिन्न दलों के सांसदों और नेताओं के समक्ष अपनी मांगें सीधे रख सकें। उन्होंने कहा कि यदि सांसद उनके मुद्दों को संसद में उठाने का भरोसा देते हैं तो वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करेंगे।
वांगचुक ने तीसरी शर्त में कहा कि यदि स्वास्थ्य कारणों या अन्य किसी वजह से वे संसद नहीं जा पाते हैं, तो विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद और नेता अस्पताल आकर उन्हें आश्वस्त करें कि वे उनके मुद्दों को संसद में उठाएंगे। ऐसी स्थिति में भी वह अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करेंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उनकी मांगों को लेकर उनका रुख अब भी कायम है और वे सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है, ऐसे समय में वांगचुक का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।