लखीसराय : जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है। सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मैदनी चौकी थाना क्षेत्र के शिक्षाचंल अमरपुर स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय की नृत्य शिक्षिका आशना सिन्हा का चयन 77वें गणतंत्र दिवस परेड 2026 में प्रस्तुति के लिए किया गया है। वह नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में कथक नृत्य की भव्य प्रस्तुति देंगी।

यह सांस्कृतिक प्रस्तुति भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देश की प्रमुख नृत्य परंपराओं को एक मोज़ेक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस आयोजन के लिए संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली एवं उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला को नोडल एजेंसी नामित किया गया है।

चयन के उपरांत आशना सिन्हा को 13 जनवरी 2026 को दिल्ली में रिपोर्ट करना है, जहां वे 13 से 26 जनवरी तक रिहर्सल में भाग लेंगी। इसके बाद 26 जनवरी को मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में वे अपनी कथक प्रस्तुति देंगी।

आशना सिन्हा के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने मिठाइयाँ बांटकर हर्ष व्यक्त किया। स्थानीय ग्रामीणों और कला प्रेमियों ने इसे लखीसराय जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

जानकारी के अनुसार, घोसैठ (पीरी बाजार), लखीसराय निवासी आशना सिन्हा को बचपन से ही कथक नृत्य में गहरी रुचि रही है। उनके पिता बीरेंद्र कुमार सिन्हा एवं माता राधा रानी सिन्हा के सहयोग, वर्षों की कठिन साधना, निरंतर अभ्यास और मंचीय अनुभव के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी बहन निशु सिन्हा ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

वर्तमान में विद्यालय में नृत्य शिक्षिका के रूप में कार्यरत आशना सिन्हा विद्यार्थियों को शास्त्रीय नृत्य की बारीकियाँ सिखाने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विभास्कर किरण सहित शिक्षकगण नमिता भारद्वाज, कुमारी अंजलि, सरस्वती कुमारी, विकास सर एवं आयंस्टीन सर ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं और इसे विद्यालय एवं जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं बुद्धिजीवियों ने भी आशना सिन्हा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनका प्रदर्शन राष्ट्रीय मंच पर लखीसराय की पहचान को और अधिक सशक्त करेगा।