नो-एंट्री उल्लंघन पर परिवहन विभाग की कार्यवाई, पांच ट्रैक्टर जब्त
- Post By Admin on Sep 22 2026
लखीसराय : शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला परिवहन विभाग ने मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पांच ट्रैक्टरों को जब्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर कुल 61 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जेल मोड़ से जिला परिवहन कार्यालय की ओर मुड़ने वाली सड़क पर ट्रैक्टर, ट्रक और पिकअप समेत व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद इन वाहनों के नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर परिवहन विभाग की टीम ने मंगलवार को उक्त मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करते पाए गए पांच ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। परिवहन विभाग ने सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 61 हजार रुपए का चालान किया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रतिबंधित मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाकर शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नो-एंट्री और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन जांच एवं कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित यातायात नियमों और नो-एंट्री व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि शहर में यातायात का संचालन सुचारू बना रहे।