कायाकल्प योजना को लेकर अधिकारियों की ट्रेनिंग, बेहतर क्रियान्वयन पर मंथन
- Post By Admin on Sep 22 2026
लखीसराय : जिले में कायाकल्प योजना के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की। प्रशिक्षण में योजना के उद्देश्यों, कार्यों की प्राथमिकता और प्रभावी निगरानी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों को कायाकल्प योजना के तहत निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। योजना के सफल क्रियान्वयन, उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग, कार्यों की प्राथमिकता तय करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रखंडों में योजना से जुड़े कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं और सार्वजनिक परिसंपत्तियों में आवश्यक सुधार करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत चयनित कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने योजना के क्रियान्वयन में प्रखंड स्तर पर बेहतर समन्वय और प्रभावी निगरानी की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए संबंधित विभागों और पदाधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने कायाकल्प योजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही योजना के क्रियान्वयन के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के तरीकों पर भी चर्चा की गई। जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप योजना के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनन्द सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।