मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ कार्यवाई : भारी मात्रा में शराब नष्ट, महिला धंधेबाज पर प्राथमिकी दर्ज
- Post By Admin on Sep 22 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध विभाग शराब तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा 21 सितंबर 2026 को बिलौरी क्षेत्र के वार्ड संख्या 05 में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बेचने के आरोप में बिलौरी निवासी चालो चौधरी उर्फ चलितर चौधरी की पत्नी नीलम देवी को चिन्हित किया गया, जिनके पास से 6.250 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। मामले को लेकर विभाग ने अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी ओर, 22 सितंबर 2026 को विभिन्न मामलों में जब्त की गई शराब के बड़े जखीरे का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। थाना कांड संख्या 17 के तहत 90.615 लीटर विदेशी शराब तथा 322 लीटर चुलाई शराब को नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त उत्पाद थाना कांड संख्या 20 के तहत 964.26 लीटर विदेशी शराब और 484 लीटर चुलाई शराब का विनिष्टीकरण संपन्न हुआ। उत्पाद विभाग की इस व्यापक कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।