हाईटेक बनेगा लखीसराय संग्रहालय, आर्ट गैलरी, गिफ्ट शॉप और गाइड की होगी व्यवस्था

  • Post By Admin on Jul 22 2026
हाईटेक बनेगा लखीसराय संग्रहालय, आर्ट गैलरी, गिफ्ट शॉप और गाइड की होगी व्यवस्था

लखीसराय : लखीसराय संग्रहालय को आधुनिक, आकर्षक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने बालगुदर स्थित लखीसराय संग्रहालय का निरीक्षण कर संग्रहालय की वर्तमान व्यवस्था का जायजा लिया और इसके समग्र विकास को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने संग्रहालय को बिहार संग्रहालय की तर्ज पर विकसित करने पर बल देते हुए आर्ट गैलरी, लाइट एंड साउंड शो, रेस्टोरेंट तथा सॉवेनियर (गिफ्ट) शॉप स्थापित करने की संभावनाओं पर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बालगुदर क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को ऑडियो-वीडियो आधारित कहानियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आगंतुकों को स्थानीय इतिहास की रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारी मिल सके।

डीएम ने संग्रहालय को केवल प्रदर्शनी स्थल तक सीमित न रखकर एक सक्रिय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों के लिए "लर्निंग एंड वॉचिंग गैलरी" विकसित करने तथा नई दिल्ली के बाल भवन की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। साथ ही आगंतुकों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित गाइड की व्यवस्था और नाममात्र का टिकट शुल्क निर्धारित करने पर भी विचार किया गया।

बैठक में संग्रहालय में संरक्षित पौराणिक एवं ऐतिहासिक मूर्तियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से इस प्रकार प्रस्तुत करने का सुझाव दिया गया कि वे अपनी ऐतिहासिक कहानी स्वयं प्रस्तुत करती प्रतीत हों। इसके अलावा गिफ्ट शॉप में लखीसराय से जुड़े स्मृति चिह्न, श्रृंगी ऋषि धाम के चित्र और स्थानीय कलाकृतियों के प्रतिरूप उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव रखा गया।

जिला पदाधिकारी ने संग्रहालय अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार को बैठक में दिए गए सभी सुझावों के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्रस्ताव राज्य सरकार को अनुमोदन के लिए भेजा जा सके। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से लखीसराय संग्रहालय पर्यटन, इतिहास संरक्षण और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।