टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए 100% स्क्रीनिंग और उपचार के निर्देश
- Post By Admin on Jul 22 2026
लखीसराय : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति का आकलन करते हुए सभी जिलों को स्क्रीनिंग अभियान की वर्तमान गति बनाए रखने और उपचार संबंधी सभी सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि टीबी स्क्रीनिंग अभियान में अच्छी प्रगति हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसी गति को बनाए रखते हुए अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित मरीजों की समय पर पहचान हो सके।बैठक में टीबी उपचार से जुड़े प्रमुख सूचकांक, जैसे टीपीटी (TB Preventive Treatment), डिफरेंशिएटेड टीबी केयर तथा नाट (NAAT) टेस्ट की उपलब्धि को शत-प्रतिशत तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। समीक्षा में लखीसराय जिले की डिफरेंशिएटेड टीबी केयर और टीबी मरीजों के एक्स-रे संबंधी उपलब्धि में सुधार की आवश्यकता बताई गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी नए टीबी मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा इसका कवरेज 100 प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया।