श्री राधे हॉस्पिटल में लगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर, महिलाओं व निःसंतान दंपतियों को मिला विशेषज्ञ परामर्श
- Post By Admin on Sep 21 2026
लखीसराय : शहर के विद्यापीठ-बड़हिया रोड स्थित श्री राधे हॉस्पिटल एंड फर्टिलिटी सेंटर में रविवार को महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व एवं निःसंतानता से संबंधित समस्याओं को लेकर एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में कुल 30 मरीजों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कराई और अनुभवी डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपा सिंह एवं डॉ. कुमार अमित ने आए हुए मरीजों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। जांचोपरांत मरीजों को उनकी शारीरिक स्थिति के अनुसार आगामी आवश्यक पैथोलॉजिकल जांचों और उपचार प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया।
चिकित्सक डॉ. कुमार अमित ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं में मातृत्व और निःसंतानता से जुड़ी जटिलताओं में समय रहते विशेषज्ञ की राय लेना बेहद अहम होता है। सही समय पर परामर्श और सटीक चिकित्सीय जांच से उचित इलाज की दिशा तय करने में बड़ी मदद मिलती है, जिससे मरीज गंभीर जटिलताओं से बच सकते हैं।