हलसी में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम, महिलाओं और किशोरियों को अधिकारों व योजनाओं की दी जानकारी

  • Post By Admin on Sep 24 2026
हलसी में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम, महिलाओं और किशोरियों को अधिकारों व योजनाओं की दी जानकारी

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान और महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से हलसी परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 24, दीरा में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।

जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि ‘सखी वार्ता’ का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, पोषण माह और बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंच रखने वाली महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिले। महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ने से ही वास्तविक सशक्तिकरण संभव है। इस दौरान मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं को मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों की जानकारी दी। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तिकरण केंद्र से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही बाल विवाह से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के प्रति भी महिलाओं को जागरूक किया गया। पोषण माह के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती एक हजार दिन उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास की नींव तैयार करते हैं। इस अवधि में पोषण और देखभाल को लेकर विशेष जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की अवधारणा के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह नहीं करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई। महिलाओं ने अपने क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, आंगनबाड़ी सेविका किरण देवी, साधना कुमारी, मनोरमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका किरण देवी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।