मुंबई इंडियंस ने ल्यूक विलियम्स पर जताया भरोसा, महिला टीम की संभालेंगे कोचिंग
- Post By Admin on Sep 24 2026
मुंबई : महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की तैयारियों के बीच मुंबई इंडियंस ने अपनी महिला टीम के लिए नए मुख्य कोच की घोषणा कर दी है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया के ल्यूक विलियम्स को यह जिम्मेदारी सौंपी है। विलियम्स अब लिसा केटली की जगह टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे।
मुंबई इंडियंस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नीता एम. अंबानी ने ल्यूक विलियम्स का टीम में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विलियम्स के पास महिला क्रिकेट का व्यापक अनुभव है और खिलाड़ियों की क्षमता को निखारने की उनकी समझ टीम के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी और विलियम्स के मार्गदर्शन में टीम के आगे बढ़ने की उम्मीद जताई। ल्यूक विलियम्स इससे पहले कई प्रमुख महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं में कोचिंग की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग, इंग्लैंड की द हंड्रेड और भारत की डब्ल्यूपीएल में खिताब जीतने वाली टीमों से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2025 से वह इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के सहायक कोच के रूप में भी काम कर रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में डब्ल्यूपीएल के चार सत्रों में दो बार चैंपियन बनने में सफलता हासिल की है। टीम ने 2023 में पहली डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी जीती थी, जबकि 2025 में उसने दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। अब 2027 सत्र से पहले टीम प्रबंधन ने कोचिंग की कमान ल्यूक विलियम्स को सौंपते हुए नई रणनीति के साथ आगे बढ़ने की तैयारी शुरू कर दी है।