औषधीय पौधों की खेती और नर्सरी प्रबंधन सीखने 50 किसान जमुई रवाना
- Post By Admin on Sep 24 2026
लखीसराय : कृषि विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत आत्मा, लखीसराय की ओर से किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय कृषक परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत गुरुवार, 24 सितंबर को जिले के 50 प्रगतिशील किसानों को औषधीय पौधों की खेती एवं नर्सरी प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए जमुई जिले के लक्ष्मीपुर, झाझा के लिए रवाना किया गया।
परिभ्रमण के दौरान किसानों को औषधीय पौधों की उन्नत खेती की तकनीक, उपयुक्त प्रजातियों के चयन और नर्सरी की स्थापना एवं प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, सिंचाई एवं पोषण प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा तैयार उपज के विपणन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को भी किसान नजदीक से समझ सकेंगे।
कृषक परिभ्रमण का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ औषधीय एवं उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से कृषि में विविधीकरण को बढ़ावा देने के साथ किसानों को आय बढ़ाने वाली वैकल्पिक कृषि गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आत्मा, लखीसराय की ओर से बताया गया कि इस तरह के परिभ्रमण कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के किसानों को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अपनाई जा रही उन्नत एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जा रहा है। इससे किसानों को नई तकनीकों को समझने और उन्हें अपने खेतों में अपनाकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।