लखीसराय : दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और पुनर्वास की दिशा में लखीसराय जिला प्रशासन एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र के निर्देश एवं मार्गदर्शन में आगामी 02 जनवरी 2026 को जिले में विशेष कृत्रिम अंग (हाथ–पैर) मापन एवं वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर पूर्वाह्न 11:00 बजे से समाहरणालय परिसर स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में आयोजित होगा। शिविर का उद्देश्य जिले के गरीब, असहाय और जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, शिविर में विशेषज्ञ तकनीकी टीम द्वारा दिव्यांगजनों के हाथ एवं पैर का सटीक मापन किया जाएगा। मापन के आधार पर लाभार्थियों के लिए उपयुक्त कृत्रिम अंग तैयार कर उन्हें फिट किया जाएगा। साथ ही कृत्रिम अंगों के उपयोग एवं रख-रखाव की जानकारी भी दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क होगी।
यह शिविर उन दिव्यांग व्यक्तियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, जिनके हाथ या पैर दुर्घटना, बीमारी अथवा जन्मजात कारणों से नहीं हैं या कार्य करने में अक्षम हैं। जिला प्रशासन ने जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनका सशक्तिकरण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे शिविरों से न केवल दिव्यांगजनों को शारीरिक सहारा मिलता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता में भी वृद्धि होती है।
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से इस सूचना को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांग व्यक्ति इस कल्याणकारी शिविर से वंचित न रह जाए।




















