भारत स्वाभिमान न्यास की नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
- Post By Admin on Sep 20 2026
लखीसराय : पुरानी बाजार स्थित प्रभात चौक के होटल भारती सभागार में रविवार को भारत स्वाभिमान न्यास लखीसराय की नव मनोनीत जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ जिले में योग गतिविधियों के विस्तार और बंद पड़ी योग कक्षाओं को दोबारा शुरू करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत ओम मंत्र, गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के उच्चारण से हुई। अध्यक्षता नव मनोनीत जिला प्रभारी अरविंद कुमार भारती ने की, जबकि कार्यकारिणी सदस्य मनीष कुमार और हरिदरस उर्फ चुन्नू भाई ने संयुक्त रूप से संचालन किया। कार्यकारिणी सदस्यों ने जिला प्रभारी अरविंद कुमार भारती का स्वागत जयघोष और करतल ध्वनि के साथ किया। बैठक में संगठन को जिले में अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए विस्तार से चर्चा हुई। राज्य मुख्यालय बिहार दक्षिण की ओर से निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के साथ जिले में संचालित योग गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न क्षेत्रों में चल रही दैनिक और साप्ताहिक योग कक्षाओं को नियमित करने, नए स्थानों पर योग कक्षाएं शुरू करने तथा पहले से संचालित लेकिन बंद हो चुकी कक्षाओं को फिर से शुरू करने की कार्ययोजना पर विचार किया गया।
संगठन की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारत स्वाभिमान लखीसराय के बैंक खाते के संचालन और कोष की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा गुरु दक्षिणा देने वाले सदस्यों और आजीवन सदस्यों की अद्यतन सूची तैयार करने का निर्णय लिया गया। वर्ष 2005 के बाद संगठन से जुड़े सह योग शिक्षक सदस्यों को जिला स्तरीय गतिविधियों से दोबारा जोड़ने पर भी विचार किया गया। पुराने सहयोगी सदस्यों के अनुभव और योगदान का लाभ संगठन को आगे बढ़ाने में लेने की बात कही गई। जिले के सभी प्रखंडों में संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए प्रखंड प्रभारियों के मनोनयन पर भी चर्चा हुई। बैठक में सदस्यों ने संगठन के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक लोगों को योग, आयुर्वेद तथा स्वदेशी विचारधारा से जोड़ने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला प्रभारी अरविंद कुमार भारती, जिला संगठन महामंत्री सीताराम सिंह, जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार साह, उमेश कुमार, अमित कुमार, रंजीत कुमार, मनोज कुमार (विद्यापीठ), राजेंद्र कुमार, रविराज कुमार भारद्वाज, जिला संवाद प्रभारी हरिदरस उर्फ चुन्नू भाई, युवा प्रभारी विभीषण केवट, दिलीप केवट, अधिवक्ता जगदेव प्रसाद, योग समिति प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने संगठन की एकजुटता, सक्रियता और मजबूती के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। इसके बाद शांति पाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।