चानन में जीविका का रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, 484 अभ्यर्थियों का निबंधन, 213 का चयन

  • Post By Admin on Feb 25 2026
चानन में जीविका का रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, 484 अभ्यर्थियों का निबंधन, 213 का चयन

लखीसराय: जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जीविका लखीसराय द्वारा चानन प्रखंड स्थित सरस्वती मंदिर के प्रांगण में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। मेला का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा कौशल आधारित मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी चानन प्रिया कुमारी एवं अंचल अधिकारी चानन रवि कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह मेला दीन दयाल उपाध्याय कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें कुल 11 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाकर अभ्यर्थियों को रोजगार संबंधी जानकारी एवं अवसर प्रदान किए। आयोजन के दौरान 484 अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया, जिनमें से 213 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया। मेला के दौरान अभ्यर्थियों को कौशल विकास, रोजगार संभावनाओं एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। मंच संचालन जीविका के सामुदायिक समन्वयक अजय कुमार द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका इंदु भूषण सिंह ने किया।

आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने इसे युवाओं के लिए एक सार्थक पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार के मेलों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और युवाओं को उचित मार्गदर्शन मिलता है।