मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और विधिक सहायता व्यवस्था की समीक्षा
- Post By Admin on Feb 25 2026
लखीसराय: जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आज 25 फरवरी 2026 को मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण किया गया। यह दौरा माननीय सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार विधानंद सागर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। निरीक्षण दल में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रजापति झा तथा कमलेश कुमार भी शामिल रहे।
दौरे के दौरान कारा परिसर में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही, बंदियों को दी जा रही विधिक सहायता व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि बंदियों को कानूनन प्राप्त अधिकारों और सहायता योजनाओं की समुचित जानकारी मिल रही है या नहीं। निरीक्षण के क्रम में बंदियों को बताया गया कि जो कैदी अपने निजी खर्च पर अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क लीगल एड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित बंदी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
टीम ने मंडल कारा में स्थित बहुउद्देशीय कक्ष, कारा अस्पताल एवं विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बंद कैदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली गई। माननीय सचिव ने कारा प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को सभी समुचित एवं विधि-सम्मत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि बंदियों के अधिकारों का संरक्षण हो सके। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने कारा प्रबंधन से सहयोगात्मक व्यवस्था बनाए रखने तथा विधिक जागरूकता को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।