राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखीसराय में तैयारी तेज, सुलहनीय वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
- Post By Admin on Feb 25 2026
लखीसराय: आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय के प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (रेल) कुंदन कुमार गुप्ता, रेल डीएसपी किऊल, थाना प्रभारी जीआरपी झाझा, जीआरपी जमालपुर, जीआरपी जमुई, जीआरपी किऊल, जीआरपी नवादा, जीआरपी शेखपुरा, जीआरपी बड़हिया, सहायक कमांडेंट आरपीएफ जमालपुर, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ जमालपुर तथा प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ किऊल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सुलहनीय वादों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को विधिवत नोटिस भेजा जाए तथा उन्हें आपसी सुलह के माध्यम से विवाद समाधान के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभिलेखों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करते हुए नोटिस की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए, ताकि लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों का निष्पादन संभव हो सके। लोक अदालत के माध्यम से त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य को सफल बनाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोक अदालत की प्रक्रिया, समन्वय एवं प्रशासनिक तैयारियों से संबंधित आवश्यक पहलुओं पर चर्चा की। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने लोक अदालत को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए समुचित सहयोग का भरोसा दिलाया।