किऊल-लखीसराय रेलखंड पर ट्रैक से घायल को हटाया, इलाज के दौरान मौत
- Post By Admin on Aug 01 2026
लखीसराय: किऊल-लखीसराय रेलखंड पर शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को ट्रैक से हटाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे स्टेशन मास्टर, किऊल ने सूचना दी कि किऊल और लखीसराय स्टेशन के बीच रेलवे पुल पर अप लाइन के बीच एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति ट्रैक के बीच गंभीर रूप से घायल पड़ा था। उसके सिर में गहरी चोट थी और दाहिना पैर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। घटना के कारण अप लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ और ट्रेन संख्या 18119 अप को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तत्काल घायल को ट्रैक से हटाकर लाइन को सुरक्षित कराया। सुबह 6:06 बजे रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया। इसके बाद घायल को एंबुलेंस से सदर अस्पताल, लखीसराय ले जाया गया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। जीआरपी किऊल ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।