विश्व फेफड़ा कैंसर दिवस पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • Post By Admin on Aug 01 2026
विश्व फेफड़ा कैंसर दिवस पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

आरा: विश्व फेफड़ा कैंसर दिवस के अवसर पर भोजपुर जिले के वीर कुंवर सिंह मैदान, रमना में पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देव वृक्ष पाकड़, औषधीय वृक्ष सहोरा तथा छतवन सहित कुल पांच पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी मनमोहन चौबे ने किया।

पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वर्ष 2008 से लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,24,913 पौधे लगाए जा चुके हैं और भविष्य में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 पौधे लगाए और उनकी पांच वर्षों तक देखभाल सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में वृक्ष होना आवश्यक है। उनके अनुसार वर्तमान में भारत में प्रति व्यक्ति औसतन केवल 28 पेड़ बचे हैं, जबकि पर्यावरणीय संतुलन के लिए अधिक वृक्षों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षों की कमी के कारण वर्षा प्रभावित हो रही है और कई क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि विश्व फेफड़ा कैंसर दिवस पहली बार वर्ष 2012 में अंतरराष्ट्रीय श्वसन सोसायटी की पहल पर मनाया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को फेफड़ों के कैंसर के खतरे, इसके लक्षणों और समय पर जांच के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, परोक्ष धूम्रपान, वायु प्रदूषण और हानिकारक गैसें फेफड़ों के कैंसर के प्रमुख कारण हैं।

उन्होंने लोगों से धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहने, स्वच्छ वातावरण अपनाने, योग एवं प्राणायाम करने, ताजे फल और हरी सब्जियों का सेवन करने तथा लगातार खांसी जैसी समस्या होने पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़े हैं, इसलिए पौधारोपण भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में मनमोहन चौबे, सोनू सिंह, अधिवक्ता नरेंद्र प्रसाद सिंह, मनोज कुमार शर्मा, राम बिलास शाण्डिल्य, राहुल पाण्डेय, रवि कुमार सिंह, गोपाल सहित कई लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।