बिहार बंद का असर : मुजफ्फरपुर में हाई सिक्योरिटी, ड्रोन से हो रही निगरानी

  • Post By Admin on Jul 25 2026
बिहार बंद का असर : मुजफ्फरपुर में हाई सिक्योरिटी, ड्रोन से हो रही निगरानी

मुजफ्फरपुर : छात्र संगठनों द्वारा शनिवार को प्रस्तावित बिहार बंद को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

बंद के मद्देनजर पानी टंकी चौक, हाथी चौक, कल्याणी चौक, भगवानपुर, चांदनी चौक, बैरिया गोलंबर, ब्रह्मपुरा, जूरन छपरा और समाहरणालय सहित कई संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। छात्रों की सुरक्षा और संभावित यातायात बाधाओं को देखते हुए जिले के अधिकांश निजी विद्यालयों ने एहतियातन शुक्रवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि बंद के दौरान जाम या किसी अप्रिय स्थिति से बच्चों को बचाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आंदोलन या प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी संबंधित लोगों से ही कराई जाएगी।

इधर, बिहार बंद के समर्थन में छात्राओं ने मिठनपुरा चौक से विरोध मार्च भी निकाला। वहीं, शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।