धमाके से दहला सहारनपुर, पटाखा फैक्ट्री मलबे में तब्दील, जांच के आदेश

  • Post By Admin on Jul 25 2026
धमाके से दहला सहारनपुर, पटाखा फैक्ट्री मलबे में तब्दील, जांच के आदेश

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शुक्रवार शाम एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। राहत एवं बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटा है।

जानकारी के अनुसार, गंगोह थाना क्षेत्र के नया गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। दीवारें भरभराकर गिर गईं, छत उड़ गई और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना भयावह था कि फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के शरीर के अंग दूर-दूर तक जा गिरे। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने आग बुझाने और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, प्रशासन और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत अभियान के दौरान मध्य प्रदेश निवासी 20 वर्षीय दीपराज देवड़ा और 22 वर्षीय संदीप देवड़ा के शव बरामद किए गए। बताया गया कि दोनों के शव फैक्ट्री से करीब 100 मीटर दूर खेत के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। वहीं दो अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है, जिनकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिवाली के मद्देनजर फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। प्रशासन ने फैक्ट्री के लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच कराई जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है