हिमाचल प्रदेश : हिमस्खलन में दो की गई जान, एक लापता

  • Post By Admin on Feb 06 2023
हिमाचल प्रदेश : हिमस्खलन में दो की गई जान, एक लापता

शिमला : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में हिमस्खलन की चपेट में आने से सीमा सड़क संगठन के दो मजदूरों की मौत हुई है और एक लापता है। राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। लापता युवक की तलाश जारी है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता के मुताबिक मृतक मजदूरों की पहचान 19 वर्षीय राम बुद्ध निवासी नेपाल और राकेश निवासी चंबा के रूप में हुई है। लापता व्यक्ति की पहचान नेपाल निवासी छेरिंग लामा (27) के रूप में हुई है। हादसा जिला मुख्यालय केलांग से 35 किलोमीटर दूर शिकुंला दर्रे के पास हुआ है। यह हिमखंड रविवार शाम दारचा-शिंकुला सड़क पर छीका गांव के पास गिरा। इस वक्त सीमा सड़क संगठन के मजदूर बर्फ हटा रहे थे। अचानक हिमस्खलन की चपेट में आने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। तीन मजदूरों के साथ बर्फ हटाने वाला स्नो कटर और मशीनरी भी हिमस्खलन की जद में आ गई।

लाहौल स्पीति के उपायुक्त सुमित खिमटा के मुताबिक देरशाम सीमा सड़क संगठन ने हिमखंड गिरने की सूचना दी। दोनों शव क्षेत्रीय अस्पताल केलांग लाए जा रहे हैं। लापता युवक की तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात हुआ था। इस वजह से 131 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। पिछले चार-पांच दिन से मौसम साफ है और तेज धूप खिलने से बर्फ पिघल रही है। इस वजह से हिमखंडों के टूटने की आशंका बनी हुई है।