वेंटिलेटर पर स्वास्थ्य व्यवस्था : सिविल सर्जन की अनुपस्थिति से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित
- Post By Admin on Feb 28 2026
लखीसराय : जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था इन दिनों अव्यवस्था के दौर से गुजरती नजर आ रही है। मरीजों के इलाज और अस्पतालों के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर है, वही जिला स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख पदाधिकारी की नियमित अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है। इसका असर सदर अस्पताल से लेकर प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों तक देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद डॉ. जयप्रकाश सिंह ने 30 दिसंबर को लखीसराय के सिविल सर्जन के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया था। हालांकि 28 फरवरी तक के लगभग दो माह के कार्यकाल में उनकी नियमित उपस्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जाता है कि इस अवधि में वे दस दिन भी कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहे।
सिविल सर्जन की गैरमौजूदगी के कारण कई प्रशासनिक निर्णय लंबित पड़े हैं। दवा आपूर्ति, मानव संसाधन प्रबंधन, निरीक्षण रिपोर्ट और वित्तीय स्वीकृति से जुड़ी अनेक फाइलें पेंडिंग बताई जा रही हैं। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि जिला स्तर पर समुचित मार्गदर्शन और निगरानी के अभाव में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि संसाधनों की कमी से जूझ रही स्वास्थ्य व्यवस्था में शीर्ष पदाधिकारी की अनुपस्थिति स्थिति को और गंभीर बना रही है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने की मांग की है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने बताया कि निजी कारणों से उनकी उपस्थिति नियमित नहीं हो पा रही थी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों में वे पूर्ण रूप से जिला मुख्यालय में उपस्थित रहकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।