निःशुल्क स्वास्थ्य पहल : 15 बच्चों का होगा कटे होंठ व तालु का ऑपरेशन
- Post By Admin on Feb 28 2026
लखीसराय : शहर के विद्यापीठ चौक स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार को जन्मजात कटे होंठ एवं तालु (क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट) से पीड़ित बच्चों के लिए निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन रोटरी क्लब एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शिविर में साइमन हॉस्पिटल, वाराणसी के प्रख्यात प्लास्टिक सर्जन डॉ. जयंत तपादार ने बच्चों की जांच की। जांच के दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके अभिभावकों को बीमारी, उपचार प्रक्रिया तथा ऑपरेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में लगभग 25 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 15 बच्चों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। चयनित बच्चों को वाराणसी बुलाया गया है, जहां स्मायन अस्पताल में डॉ. जयंत तपादार एवं उनकी टीम द्वारा सभी का निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
बताया गया कि पिछले 10 वर्षों से रोटरी क्लब, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी और डॉ. तपादार के सहयोग से इस तरह के निःशुल्क जांच एवं ऑपरेशन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल से अब तक कई जरूरतमंद बच्चों को नई जिंदगी मिली है।
शिविर के दौरान सुरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. संतोष कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।