छह मरीजों की मौत पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, प्रसाद हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द
- Post By Admin on Jun 06 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। आईसीयू वार्ड में लगी आग में छह मरीजों की दर्दनाक मौत के मामले को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन ने यह फैसला लिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन और संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है, जिसके कारण छह लोगों की जान चली गई। विभाग ने इस लापरवाही को अक्षम्य बताते हुए अस्पताल का संचालन लाइसेंस निरस्त कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रबंधन का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो आगे और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शॉर्ट सर्किट से आईसीयू में लगी आग, छह मरीजों की मौत
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह अस्पताल के आईसीयू वार्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग और जहरीले धुएं ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को बाहर निकालने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। हादसे में छह मरीजों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीज गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
तीन कर्मचारी गिरफ्तार, प्रबंधन पर बढ़ा दबाव
घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है और पीड़ित परिवार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने अस्पताल के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद अस्पताल के मालिक और शीर्ष प्रबंधन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।