निशांत कुमार की राजनीतिक पारी शुरू, जदयू ने विधान परिषद चुनाव में बनाया उम्मीदवार
- Post By Admin on Jun 06 2026
पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने चार सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाते हुए पटना से निशांत कुमार को मैदान में उतारा है। इसके साथ ही मधुबनी से भारती मेहता, पश्चिमी चंपारण से शिवरानी देवी प्रजापति और शेखपुरा से ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के बाद विधान परिषद चुनाव को लेकर राज्य की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सबसे अधिक चर्चा पटना सीट से उम्मीदवार बनाए गए निशांत कुमार को लेकर हो रही है। वर्तमान में वे किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं, जबकि राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मंत्री पद पर बने रहने के लिए उन्हें शपथ ग्रहण के छह माह के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना आवश्यक है। ऐसे में उनके चुनाव मैदान में उतरने की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं। अब उन्हें विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनकी औपचारिक राजनीतिक पारी की शुरुआत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, जदयू ने शेखपुरा सीट से ललन प्रसाद को भी मौका दिया है। पार्टी उन्हें संगठन के सक्रिय और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं में मानती है। अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) से आने वाले ललन प्रसाद लंबे समय से संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की कुल 10 सीटों के लिए चुनाव होना है, जिनमें एक सीट पर उपचुनाव भी शामिल है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है। आवश्यकता पड़ने पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा।