ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, त्रिसदस्यीय टीम ने किया निरीक्षण

  • Post By Admin on May 19 2026
ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, त्रिसदस्यीय टीम ने किया निरीक्षण

लखीसराय : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के निर्देशानुसार जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ. मृणाल रंजन ने पुरातत्व निदेशालय के वरिष्ठ तकनीकी सहायक डॉ. हर्ष रंजन एवं सहायक अभियंता अरविंद तिवारी के साथ त्रिसदस्यीय दल के रूप में राहोगढ़, अटल कला भवन और लाली पहाड़ी का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अटल कला भवन में चल रहे निर्माण एवं आंतरिक विकास कार्यों का जायजा लिया गया। टीम ने भवन के विभिन्न कक्षों, छत, गलियारों और उपयोगिता क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान फॉल्स सीलिंग, विद्युत वायरिंग, वातानुकूलन और पाइपलाइन से जुड़े कार्य प्रगति पर पाए गए। वहीं कुछ स्थानों पर अधूरे कार्य और फिनिशिंग संबंधी कमियां भी चिन्हित की गईं।

इसके बाद टीम ने अशोक धाम मंदिर के दक्षिण स्थित राहोगढ़ टीला का निरीक्षण किया। इस स्थल से पूर्व में बौद्ध मठ एवं स्तूप से संबंधित अवशेष मिलने की जानकारी है। जिला प्रशासन द्वारा स्थल संरक्षण के लिए कला एवं संस्कृति विभाग को भेजे गए पत्र के आलोक में विभागीय निर्देश पर यह निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राचीन ईंट संरचनाओं, सतही अवशेषों एवं कटावग्रस्त हिस्सों का अवलोकन करते हुए प्राथमिक प्रलेखन कार्य भी किया गया।

त्रिसदस्यीय दल ने इसके बाद लाली पहाड़ी का भी निरीक्षण किया, जिसे लखीसराय का महत्वपूर्ण बौद्ध पुरातात्त्विक स्थल माना जाता है। निरीक्षण के दौरान संरक्षण एवं स्थल प्रबंधन से जुड़ी अनियमितताओं पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने पुरातात्त्विक स्थलों के संरक्षण और वैज्ञानिक पद्धति से कार्य निष्पादन की आवश्यकता पर बल दिया।अधिकारियों ने कहा कि जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है तथा ऐसे स्थलों के व्यवस्थित विकास और संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।