लखीसराय : जिले में किसानों के हित में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान का शुभारंभ गुरुवार से जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न राजस्व गांवों में किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों का e-KYC कराकर उन्हें फार्मर आईडी से जोड़ना है, ताकि सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी रूप से किसानों तक पहुंच सके।
अभियान के पहले ही दिन सकारात्मक परिणाम सामने आए। अपराह्न 2 बजे तक कुल 274 किसानों का e-KYC सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जबकि 144 किसानों की फार्मर आईडी तैयार कर ली गई। जिला प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि संबंधित पदाधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों के समन्वित प्रयास का नतीजा है।
फार्मर रजिस्ट्री कैंपों में किसानों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान किसानों को फार्मर आईडी के महत्व, इसके लाभ और भविष्य में मिलने वाली कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर मौजूद कर्मियों ने किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ा आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया, जिससे प्रक्रिया सरल और सुगम बनी।
जिला प्रशासन ने सभी किसान सलाहकारों, कृषि समन्वयकों और राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे आगामी दिनों में भी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए अभियान को गति दें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रह जाए।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर समय पर e-KYC और फार्मर आईडी बनवाएं, ताकि सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ उन्हें मिल सके।




















