गरीब किसान के खलिहान में आगजनी, सैकड़ों मन धान जलकर राख

  • Post By Admin on Jan 01 2026
गरीब किसान के खलिहान में आगजनी, सैकड़ों मन धान जलकर राख

लखीसराय : जिले के कजरा थाना क्षेत्र के अरमा गांव अंतर्गत हिंगुआ बहियार में एक गरीब किसान के खलिहान में रखी धान की पूंज में आग लगाए जाने से भारी नुकसान की खबर है। बुधवार देर शाम हुई इस घटना में सैकड़ों मन धान जलकर राख हो गया। आगजनी के पीछे अज्ञात अराजक तत्वों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे अरमा ग्राम निवासी किसान हरवंश झा तथा उनके भाइयों सुरेंद्र झा और वीरेंद्र झा के खलिहान में रखी धान की पूंज में अचानक आग लग गई। घटना के समय पीड़ित किसान हरवंश झा यजमानी वृत्ति के सिलसिले में गांव से बाहर किसी यजमान के घर गए हुए थे। लौटने पर उन्हें ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनके खलिहान में आग लगा दी गई है।

जब तक किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। तत्काल कजरा थाना और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही खलिहान में रखी पूरी धान की पूंज जलकर राख हो चुकी थी।

इस संबंध में पीड़ित किसान हरवंश झा और उनके भाइयों ने कजरा थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।