बैंक चोरी मामले में पूर्व सैनिक संघ सक्रिय, एसबीआई चोरी कांड की निष्पक्ष जांच की मांग
- Post By Admin on Jul 31 2026
मुजफ्फरपुर: भगवानपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा से नकद निकासी के बाद हुई दो लाख रुपये की चोरी के मामले में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, मुजफ्फरपुर ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रवेश सिंह के नेतृत्व में संबंधित थाना पहुंचा और मामले की जांच में तेजी लाने का आग्रह किया।
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के श्रमजीवी नगर निवासी एवं पूर्व सैनिक उमेश कुमार सिंह ने 24 जुलाई को एसबीआई भगवानपुर शाखा से चेक के माध्यम से दो लाख रुपये निकाले थे। आरोप है कि राशि स्कूटी में रखने के बाद बैंक के एक कर्मी ने उन्हें दोबारा चेक पर हस्ताक्षर करने के लिए अंदर बुलाया। जब वह लौटे तो स्कूटी खुली मिली और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।
पीड़ित के अनुसार, बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच, आरोपियों की पहचान, चोरी गई राशि की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर पूर्व सैनिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर जांच की प्रगति की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने उपलब्ध सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज करने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की गई राशि बरामद करने की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रवेश सिंह ने कहा कि बैंक परिसर में दिनदहाड़े इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बड़ी राशि निकालने वाले ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बैंक प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। साथ ही बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल में भगवानपुर शाखा के अध्यक्ष शिव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, चंद्र भूषण सिंह, नवीन कुमार, धर्मेंद्र कुमार ठाकुर, नितिन कुमार, नगेंद्र सिंह, सतेन्द्र प्रसाद सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।